Sunday, September 21, 2008
एक अनूठा संसार
मैंने हँस कर हैलो की नहीं कि सारी गाथा सुना दी जाती है। लिज़ी के पिताजी काम के सिलसिले में बाहर बहुत रहते हैं, आज वापस आ रहे हैं, लिज़ी अपनी मम्मी और डैड के साथ पार्क जायेगी। अमर के घर में एक छोटा भाई आने वाला है, इसी कारण वो दो महीने के लिये नही आ पायेगा। अमित की दादी इंडिया से आने वाली हैं, वो उन्हे एयेर्पोर्ट लेने जाएगा। मुझे कुछ आता जाता है या नही, इसका बच्चों को भी पता होना चाहिये। एक दिन मुझसे ये प्रश्न पूछा गया कि कैथी की आँखें नीली क्यूँ है ? सरल सा जवाब होगा, माँ बाप की जींस की वजह से, पर मैं गलत थी। कैथी की आँखें नीली इसलिये थी क्योंकि वो ब्लूबैरी बहुत खाती है। राधिका जो वहीं पर बैठी थी वो भी अब ये बताने के लिये उत्सुक थी कि उसकी आँखें काली क्यों हैं। बहुत मासूमियत से बताया गया कि उसको ब्लैकबैरीज़ बहुत अच्छी लगती हैं इसीलिये उसकी आँखें काली हैं।
एलैक्स को गुस्सा ज़रा ज्यादा आता है और मुझे डाँटना भी उसकी अधिकार की सीमा के अंतर्गत ही आता है। मैंने अपना पढ़ाने का दिन बदल लिया था तो एलैक्स को बहुत दिनों से देखा नहीं था। बीच में एक दिन जाना पड़ा तो ऐलैक्स से सामना हुआ, देखते ही झुंझला कर बोले," Where were you for so many days?" जब बताया तो झुंझलाहट में ही बोले," I missed you." इसके आगे आप क्या कह सकते हैं। गर्मी में घास के साथ बहुत सारे डैंडलाईन उग आते हैं, एक किस्म की वीड (मोथा) जिसमें पीले फूल निकलते हैं। केटी इन पीले फूलों के साथ दो तीन जंगली पत्तियाँ ला कर हाथ में देती है और कहती है ये सब मेरे लिये है। वो फूल उसके जाने से पहले मुरझा जाते हैं पर मैं सब बटॊर कर घर ले आती हूँ। जब स्कूल में थी तो हमारी बायोलोजी की टीचर मेरी पसंदीदा टीचर हुआ करती थीं पर मैं कभी भी हिम्मत नहीं जुटा पाई फूल पत्ती देने की। आज जब ये सब बच्चे करते हैं तो बहुत अच्छा लगता है।
Tuesday, September 16, 2008
क्या तुम मुझ से शादी करोगी ?
बात हो रही है , यहां पर बढते हुए प्रचलन की । मुद्दा यह है कि जब कोई पुरुष अपनी महिला मित्र से शादी के लिये प्रस्ताव रखता है तो वह एक अहं क्षण माना जाता है और यादगार में शामिल हो जाता है । अब इस यादगार दिन को अपनी स्थायी यादों में कैसे जोड़ा जाये ? क्यों न उस यादगार क्षण की एक ’फ़ोटो’ या ’विडियो’ ले लिया जाये ?

कल्पना कीजिये ’बौब’ अपनी होने वाली मंगेतर ’ऐमिली’ को शादी के लिये प्रस्ताव रखने वाला है , उस के द्वारा की गई तैयारी देखिये :
मैक्सिकन रेस्टोरेन्ट (जहां वह दो बरस पहले मिले थे) में रिसर्वेशन
- हो गया .....
सगाई की सुन्दर सी अंगूठी उस के बक्से से निकाल कर पतलून की जेब में सावधानी से छुपाना ।
- हो गया
और अब यह देखिये ....
एक फ़ोटोग्राफ़र जहां आठवी गली और ’ऐस्टर प्लेस’ मिलते हैं , छुप के खड़ा हुआ है । उसे हिदायत है कि जैसे ही ’बौब’ ऐमिली के सामने घुटनों पर झुक कर शादी का प्रस्ताव रखे , वह उस क्षण को अपने कैमरे में उतार ले ।
है ना मज़ेदार बात ।
’बौब’ का कहना है कि वह इस क्षण को ’कैमरे’ में इसलिये कैद करना चाहता है जिस से कि वह अपने मित्रों के साथ इसे बाँट सके । वह अपनी मंगनी के प्रस्ताव के बारे में सिर्फ़ बात ही नहीं करना चाहता बल्कि वह प्रस्ताव कैसे और कहां किया गया , उसे दिखाना भी चाहता है , अपने दोस्तों को और अपनी आगे आने वाली पीढ़ियों को।
अब यह अपने दिल में उठने वाली कोमल भावनाओं का उबाल समझ लीजिये कि सीधे साधे लोग ’शादी के प्रस्ताव जैसे पवित्र और निजी क्षण को सार्वज़निक बनाना चाह्ते हैं और इसी चक्कर में बेचारे ’फ़ोटोग्राफ़र’ को कभी झाड़ियों के बीच , कभी रैस्टारेन्ट के अंधेरे कोने में , कभी भीड़ में छुपना होता है । उस का काम यही है कि वह होनें वाली मंगेतर के चेहरे पर होने वाली पहली प्रतिक्रिया को ’कैमरे’में सही समय पर कैद कर सके ।
फ़ैशन चला है जिन्दगी के सभी मह्त्वपूर्ण क्षणों को एक ऐतिहासिक दस्तावेज़ की तरह संजो कर रखने का । myspace और facebook में आप को लोगो के द्वारा स्वयं लगाये गये कई बेहद निजी चित्र और ’विडियो’ मिल जायेंगे ।
शादी के समय भी चित्र लेने मे एक नया प्रचलन चला है । वर और वधु के कुछ ऐसे अनौपचारिक चित्र जो उन की जानकारी के बिना लिये गये हों । खाने के समय हर ’मेज’ पर एक disposable camera छोड़ दिया जाता है जिस से कि मेहमान स्वयं अपनी ’मेज’ पर बैठे अन्य मेहमानो के ’स्वाभाविक चित्र’ ले सकें । ऐसे चित्रों का अपना अलग महत्व है । फ़िर उन्हें ’औपचारिक चित्रों’ के साथ मिला कर एक ऐल्बम तैय्यार किया जाता है । इस सब को कुल मिला कर Photojournalistic Realism का भारी भरकम नाम दिया जा रहा है ।
’बौब’ जिस नें अपने इस खूबसूरत क्षण को कैद करने के लिये ’पेशेवर फ़ोटोग्राफ़र’ पर करीब $400 खर्च किये , का कहना है :
"आप जिस महिला से प्यार करते हैं , उस के चित्र पूरी ज़िन्दगी ले सकते हैं लेकिन शादी के प्रस्ताव के समय उस के चेहरे पर आने वाली मुस्कान को दोबारा कैद नहीं कर सकते"
(न्यूयौर्क टाइम्स में प्रकाशित एक रिपोर्ट पर आधारित)
Wednesday, June 11, 2008
उफ़! ये गरमी !

थोड़ी सी छाँव देखकर उसी तरफ़ सरक गई। चिलचिलाती धूप आग के गोले बरसा रही थी। आज का तापमान १०० डिग्री फ़ैरहनाईट के करीब पहुँच गया था। सैंटीग्रेड में देखा जाये तो लगभग ३८ डिग्री होगा । गर्मी से बेहाल, पसीने से तरबितर बर्फ़ की सिल्ली पर लेटने का मन कर रहा था। टी. वी और रेडियो पर Heat Advisory पोस्ट कर रहे थे कि धूप में बाहर मत निकलो और Power Outage यदि हो तो क्या क्या एहतियात बरतनी चाहिये। बड़े बूढ़ों का कैसे ख्याल रखा जाय। दिल्ली की गर्मी याद आई तो लगा ये गर्मी तो कुछ भी नहीं पर सहन करने की सीमा हमारे वातावरण के अनुकूल होती है और अब इतने साल यहाँ रहने के बाद ये भी असहनीय हो गई है।
सर्दी में जब बर्फ़ पड़ती है या मौसम बहुत खराब होता है तब स्कूल के प्रारम्भ में ही स्कूल के कैलेंडर में तीन-चार दिन Snow Day के लिये सुरक्षित होते हैं और मौसम के खराब होते ही वो इस्तमाल कर लिये जाते हैं। अगर बर्फ़ न पड़े और Snow Days का इस्तमाल न किया हो तो बच्चों को कुछ दिन की अप्रत्याशित छुट्टी मिल जाती है । ऐसा ही कुछ इस बार हुआ और हमारी बिटिया नें उसका पूरा आनन्द उठाया । बिना बताये आने वाली छुट्टी का मज़ा ही कुछ और है ।
बात गर्मी की हो रही थी। गर्मी इतनी तेज़ है कि कई स्कूल जो बीस -पच्चीस साल पहले बने थे उन में एअर कन्डिशनर नहीं लगा हुआ है। बच्चों की तबीयत खराब नहीं हो इसीलिये स्कूल से आधे दिन की छुट्टी हो गई है। हमारी स्कूल डिस्ट्रिक्ट में माता-पिता की फ़ोन काल से परेशान हो कर स्कूल की वेब-साईट पर ये कैप्शन था ’We know it's hot out there but schools are still open" अभी तक गर्मी की वजह से कभी स्कूल की यहाँ छुट्टी नहीं हुई है पर अब लगता है कि कुछ Heat Days भी सुरक्षित कर देने चाहिये। घर में बैठ कर ए.सी का मज़ा लिया जाए और पोपसिकल का भी।
Tuesday, March 18, 2008
लायब्रेरी
किताब पढ़ने का शौक था इसीलिये पास में पुस्तकालय ढूँढने का प्रयत्न किया गया। एक मिला जो किसी के घर के बाहर के एक छोटे से कमरे में बना हुआ था। यहाँ पर गुलशन नंदा, कर्नल रंजीत, धर्मयुग, पराग, सारिका, कादम्बिनि, सरिता आदि पत्रिकाएँ और किताबें सब उपलब्ध थीं। किताबों की हालत काफ़ी खस्ता रहती थी, उनको पाँच पैसे में किराया पर लिया जा सकता था और दो किताबें ही मिलती थीं। थोड़े दिन में ये शौक भी पूरा हो गया था। स्कूल और कालेज की लायब्रेरी से ही काफ़ी दिन काम चलाया गया ।
यहाँ पर लायब्रेरी पाँच मिनट की ड्राईव पर है। जब भी जाते हैं, ढेर सारी किताबें उठा लाते हैं। कितनी भी किताबें ले आएँ, कोई पाबंदी नहीं है। हाँ, किताबें लौटाने में देर हो जाए तो फाईन ज़रूर लगता है और खो जाए तो किताब का मोल देना पड़ता है। शुरु शुरु में लालच की वजह से खूब सारी किताबें ले तो आते थे पर अधिकांश बिना पढ़े ही वापस करनी पढ़ती थी। मैं अपनी बिटिया के साथ जब भी जाती थी तो चिकनी किताबों के कवर पर रँग-बिरँगी तस्वीरें बोलती थीं और पता भी नही लगता था पर हाथ में दस-पन्द्रह किताबें आ जाती थीं। Marcus Pfister की ' The Rainbow Fish", Eric Carle की "Dragons Dragons & other creatures that never were", Shel Silverstein की "The Giving Tree", Leo Leonni, Nancy Tafuri, Arnold Lobel, Tomie dePaola जैसे लेखकों की किताबें हमारी लिस्ट में हमेशा रहती थीं। New York Times की बेस्ट सैलर लिस्ट में से यदि आपको कोई किताब चाहिये और वो लायब्रेरी में नही है तो आप उन्हे बता सकते हैं और पूरा प्रयत्न किया जाता है उसे लाने में। आने पर आप को खबर भी कर दी जायेगी। । बच्चों के लिये story telling sessions होते हैं जिसके लिये यहाँ के लेखकों को भी बुलाया जाता है। इस प्रकार लेखक अपनी किताबों का प्रचार कर सकते हैं और किताबों की बिक्री में भी सहायक होती है।
गर्मियों की छुट्टी में बच्चों के लिये Astronomy, Bird Watching, Chess, Arts & Craft, Science से सम्बन्धित activities होती हैं। ये आप के उपर है कि आप इसका कितना लाभ उठाते हैं। बच्चों के लिये Reading challenge होता है। जो सबसे अधिक किताबें पढ़ता है उसे पुरुस्कार दिया जाता है। बड़े लोगों के लिये यहाँ सब प्रकार की सूचनाएँ मिल जाती हैं जैसे टैक्स भरने के लिये भी सहायता मिलती है। शहर में यदि कोई नया आया हो तो उसे स्कूल और कहाँ पर क्या उपलब्ध है,सब जानकारी मिल जाती है। म्यूज़ियम, फ़्लावर शो और नाटक देखने के लिये यातायात का भी प्रबंध किया जाता है। विशेषकर ’सीनियर सिटिज़न्स’ को यह सुविधा बहुत अच्छी लगती है । लायब्रेरी हर शहर में होती है। किताबों के साथ-साथ लायब्रेरी मनोरंजन व विभिन्न सूचनाओं का केन्द्र भी है।
इस क्षेत्र के सब बच्चे लायब्रेरी से जुड़े हुए हैं।बच्चे यहाँ काम में मदद भी कर सकते हैं और हाई स्कूल के विद्यार्थी यहाँ पर छोटे बच्चों की होमवर्क में सहायता करते हैं। ये Homework Helpers के नाम से जाने जाते हैं।
लायब्रेरी इस शहर का अहं हिस्सा है और अनिवार्य भी।
Wednesday, December 5, 2007
सागर के तट पर .....

इनका प्राकृतिक वास रेतीला तट होता हैं, वहीं पर ये अपने अंडे सेती हैं। अंडे अठन्नी के ब
राबर होते हैं। इनका वज़न केवल ५० ग्राम होता है। इनका आवरण प्राकृतिक वास से मिलता-जुलता है, इसी कारण ये बहुत आसानी से पैरों के नीचे या Beach पर चलने वाली गाड़ियों के नीचे आ जाती हैं। सुरक्षा के लिये इनके आवास को रस्सी के दायरे में सुरक्षित किया जाता है, Beach को भी बंद कर दिया जाता है। कुछ लोग को इससे आपत्ति भी होती है पर अब तक ये प्रयास सफ़ल रहा है। बीस साल पहले इन जोड़ों की संख्या ७३२ थी पर अब १,७४३ है। २००० तक की संख्या होते ही ये endangered species नहीं रहेंगे। The Depth
I was washed ashore like the
green sea weed on the supine shore.
The waves tugged my feet
embedded in the sand,
The birds tripped and fell and
came back to the shore,
The sun receding from my body,
slipped through my hand into the ocean.
Deep in there lay the sea shells
my outstretched hand tried to
reach for them but couldn't
reach the ocean floor.
In that depth somewhere,
You were still holding my hand.
__________________
Saturday, October 13, 2007
NELSONS CORNER
सामने ही स्ट्रिप माल है, जिसमें एक ग्रोसरी स्टोर है जहाँ खाने पीने का सब समान मिल जाता है, चौबीस घंटे खुला रहता है । यहाँ भारतीयों की सँख्या कुछ अधिक है इसीलिये यहाँ एक आईल है, जहाँ दाले और मसाले भी मिल जाते हैं। दस साल पहले ये सब मिलना मुश्किल था। उसके लिये कोई देसी स्टोर ढूँढना पड़ता था। आजकल मुंम्बई और दिल्ली जैसे शहर में भी ये स्टोर मिल जाते हैं। एक डालर स्टोर है जहाँ हर चीज़ एक डालर की मिलती है। जो आवश्यक नहीं पर फ़िर भी आवश्यक है,वो चीज़ें मिल जाती हैं जैसे प्लास्टिक के डिब्बे,प्लास्टिक की बाल्टी, मग, सुतली, अखबार की गड्डी बाँधने के लिए, जन्मदिन के लिए रैपिंग पेपर, गुब्बारे, छोटे-छोटे खिलौने जिनको देख कर भारत में खिलौने बेचने वाले की याद आ जाती है जॊ गली के नुक्कड़ तक पहुँचा भी नही होता है, कि पता चला कि चिड़िया जो अभी डंडी पर सन्तुलन बनाए बैठी थी, वो अब ज़मीन पर घायल पड़ी है और आप खाली डंडी को हिला रहे हैं। हालमार्क कार्ड्स की दुकान, ड्राईक्लीनर्स , इंडियन, चाइनीज़, इटेलियन रेस्तरां भी हैं और एक आईसक्रीम की दुकान भी है। ये यहाँ घर से थोड़ी दूर हर कोने में मिल जाते हैं, जैसे दिल्ली में ग्रेटर कैलाश मार्किट, सरोजनी नगर मार्किट, साऊथ एक्स की मार्किट हैं। दिल्ली में जब ये मार्किट बनी थी तब छोटी थी, धीरे-धीरे रेसिडेन्शल एरिया में भी पहूँच गई, यहाँ टाऊनशिप के कानून बहुत कड़े हैं, इसीलिए मार्किट उसी क्षेत्र तक सीमित रहती है। यहाँ अब नई दुकाने बन गई हैं और दीवार जिसपर बच्चों की चित्रकारी थी अब म्यूनिसिपल बिल्डिंग में सहेज के रखी है।
कुछ दिन पहले हम कहीं जा रहे थे और रास्ते में ऐसा ही एक स्ट्रिप माल आया था जिसका नाम Nelsons Corner था। नाम अच्छा लगा था सो ऐसे ही एक कविता बन पड़ी थी, वो यहाँ लिख रही हूँ।
The bagel's shop on the left,
Walk few steps and starbucks is on the right,
Few chairs and table are outside,
People sitting outside are
Drinking coffee with the sun,
A woman ,
Sure and then unsure of the day ahead,
Sitting with a book rested in her hands,
One page drifts to another,
One dream drifts to another,
The morning is waking up now,
The coffee ,the day and the dream mingles,
One face change to another,
One cup of coffee to another,
Steps are passing by,
Another day,
Nelsons Corner is around the bend.