छुटपन में पत्रिकाओं का पढ़ना, नंदन की परीकथा और चंदामामा की वेताल कथाओं से आरम्भ हुआ था। उसके बाद पराग घर में आई और फिर चाचा चौधरी। दूसरी पत्रिकएँ भी आई पर नंदन, चंदामामा, पराग हमारे यहाँ स्थायी रूप से विद्यमान रहती थीं। हम सब को किताब पढ़ने का बहुत शौक था पर हमारे भाई को पत्रिकाओं पढ़ने का शौक एक जनून की तरह था। एक-एक चंदामामा, नंदन और चाचा-चौधरी बीसीयों बार पढ़ी जाती थीं। कोई भी पत्रिका रद्दी वाले को बेची नही जा सकती थी, धीरे-धीरे पत्रिकाओं का अंबार लग गया था। हमारे घर में एक बहुत पुरानी गोद्रेज की अलमारी थी जहाँ सब पत्रिकाओं को आश्रय मिल गया था। जब किसी भी मेहमान के बच्चे घर आते थे तो उनकी चाँदी हो जाती थी। उसी कमरे में उनकी बैठक जमती थी। पत्रिकाओं का असली मूल्य तभी पता लगता था।
किताब पढ़ने का शौक था इसीलिये पास में पुस्तकालय ढूँढने का प्रयत्न किया गया। एक मिला जो किसी के घर के बाहर के एक छोटे से कमरे में बना हुआ था। यहाँ पर गुलशन नंदा, कर्नल रंजीत, धर्मयुग, पराग, सारिका, कादम्बिनि, सरिता आदि पत्रिकाएँ और किताबें सब उपलब्ध थीं। किताबों की हालत काफ़ी खस्ता रहती थी, उनको पाँच पैसे में किराया पर लिया जा सकता था और दो किताबें ही मिलती थीं। थोड़े दिन में ये शौक भी पूरा हो गया था। स्कूल और कालेज की लायब्रेरी से ही काफ़ी दिन काम चलाया गया ।
यहाँ पर लायब्रेरी पाँच मिनट की ड्राईव पर है। जब भी जाते हैं, ढेर सारी किताबें उठा लाते हैं। कितनी भी किताबें ले आएँ, कोई पाबंदी नहीं है। हाँ, किताबें लौटाने में देर हो जाए तो फाईन ज़रूर लगता है और खो जाए तो किताब का मोल देना पड़ता है। शुरु शुरु में लालच की वजह से खूब सारी किताबें ले तो आते थे पर अधिकांश बिना पढ़े ही वापस करनी पढ़ती थी। मैं अपनी बिटिया के साथ जब भी जाती थी तो चिकनी किताबों के कवर पर रँग-बिरँगी तस्वीरें बोलती थीं और पता भी नही लगता था पर हाथ में दस-पन्द्रह किताबें आ जाती थीं। Marcus Pfister की ' The Rainbow Fish", Eric Carle की "Dragons Dragons & other creatures that never were", Shel Silverstein की "The Giving Tree", Leo Leonni, Nancy Tafuri, Arnold Lobel, Tomie dePaola जैसे लेखकों की किताबें हमारी लिस्ट में हमेशा रहती थीं। New York Times की बेस्ट सैलर लिस्ट में से यदि आपको कोई किताब चाहिये और वो लायब्रेरी में नही है तो आप उन्हे बता सकते हैं और पूरा प्रयत्न किया जाता है उसे लाने में। आने पर आप को खबर भी कर दी जायेगी। । बच्चों के लिये story telling sessions होते हैं जिसके लिये यहाँ के लेखकों को भी बुलाया जाता है। इस प्रकार लेखक अपनी किताबों का प्रचार कर सकते हैं और किताबों की बिक्री में भी सहायक होती है।
गर्मियों की छुट्टी में बच्चों के लिये Astronomy, Bird Watching, Chess, Arts & Craft, Science से सम्बन्धित activities होती हैं। ये आप के उपर है कि आप इसका कितना लाभ उठाते हैं। बच्चों के लिये Reading challenge होता है। जो सबसे अधिक किताबें पढ़ता है उसे पुरुस्कार दिया जाता है। बड़े लोगों के लिये यहाँ सब प्रकार की सूचनाएँ मिल जाती हैं जैसे टैक्स भरने के लिये भी सहायता मिलती है। शहर में यदि कोई नया आया हो तो उसे स्कूल और कहाँ पर क्या उपलब्ध है,सब जानकारी मिल जाती है। म्यूज़ियम, फ़्लावर शो और नाटक देखने के लिये यातायात का भी प्रबंध किया जाता है। विशेषकर ’सीनियर सिटिज़न्स’ को यह सुविधा बहुत अच्छी लगती है । लायब्रेरी हर शहर में होती है। किताबों के साथ-साथ लायब्रेरी मनोरंजन व विभिन्न सूचनाओं का केन्द्र भी है।
इस क्षेत्र के सब बच्चे लायब्रेरी से जुड़े हुए हैं।बच्चे यहाँ काम में मदद भी कर सकते हैं और हाई स्कूल के विद्यार्थी यहाँ पर छोटे बच्चों की होमवर्क में सहायता करते हैं। ये Homework Helpers के नाम से जाने जाते हैं।
लायब्रेरी इस शहर का अहं हिस्सा है और अनिवार्य भी।
Tuesday, March 18, 2008
लायब्रेरी
Wednesday, December 5, 2007
सागर के तट पर .....
इनका प्राकृतिक वास रेतीला तट होता हैं, वहीं पर ये अपने अंडे सेती हैं। अंडे अठन्नी के ब
राबर होते हैं। इनका वज़न केवल ५० ग्राम होता है। इनका आवरण प्राकृतिक वास से मिलता-जुलता है, इसी कारण ये बहुत आसानी से पैरों के नीचे या Beach पर चलने वाली गाड़ियों के नीचे आ जाती हैं। सुरक्षा के लिये इनके आवास को रस्सी के दायरे में सुरक्षित किया जाता है, Beach को भी बंद कर दिया जाता है। कुछ लोग को इससे आपत्ति भी होती है पर अब तक ये प्रयास सफ़ल रहा है। बीस साल पहले इन जोड़ों की संख्या ७३२ थी पर अब १,७४३ है। २००० तक की संख्या होते ही ये endangered species नहीं रहेंगे। The Depth
I was washed ashore like the
green sea weed on the supine shore.
The waves tugged my feet
embedded in the sand,
The birds tripped and fell and
came back to the shore,
The sun receding from my body,
slipped through my hand into the ocean.
Deep in there lay the sea shells
my outstretched hand tried to
reach for them but couldn't
reach the ocean floor.
In that depth somewhere,
You were still holding my hand.
__________________
Saturday, October 13, 2007
NELSONS CORNER
दीवार पर नन्हे-नन्हे हाथों ने चित्रकारी करी हुई थी, य़ूँ ही शरारत नहीं की थी पर इन्हे चित्रकारी करने के लिये टाऊनशिप की ओर से लिपी-पुती सफ़ेद दीवार मिली थी। दरअसल यहाँ छोटा सा एक स्ट्रिप माल है, उसे नया बनाने का काम कर रहे थे। जो दुकाने बन रही थी उसके निर्माण कार्य को छुपाने के लिये उस के आगे एक दीवार बनाई थी। दीवार को खूबसूरत बनाने के लिए बच्चों की चित्रकारी की ज़रूरत थी। उससे खूबसूरत और क्या हो सकता है, अब देखिये न, तीन चार आकारों में सारी दुनिया कैद हो जाती है। दीवार पर सूरज गोल दिखाई दे रहा था, घर और खिड़कियाँ चौकोर और छत त्रिकोण, एक पगडंडी जो दो लाईनों में सीमित थी, घर के चौकोर दरवाज़े से निकल कर कागज़ के कोने में लुप्त हो गई थी कहीं। आकाश में कुछ पंछी उड़ते हुए और बच्चे खेलते हुए नज़र आ रहे थे। बच्चों के हाथ-पैर भी चौकोर बने हुए थे और मुँह गोल। थोड़े रंगों में ही सारी दुनिया रंग दी थी, हरे, नीले, पीले, लाल रंगों से बने ये चित्र धूल, मिट्टी, गर्द को बड़ी खूबसूरती से अपने पीछे छिपा लिया था उन्होनें।
सामने ही स्ट्रिप माल है, जिसमें एक ग्रोसरी स्टोर है जहाँ खाने पीने का सब समान मिल जाता है, चौबीस घंटे खुला रहता है । यहाँ भारतीयों की सँख्या कुछ अधिक है इसीलिये यहाँ एक आईल है, जहाँ दाले और मसाले भी मिल जाते हैं। दस साल पहले ये सब मिलना मुश्किल था। उसके लिये कोई देसी स्टोर ढूँढना पड़ता था। आजकल मुंम्बई और दिल्ली जैसे शहर में भी ये स्टोर मिल जाते हैं। एक डालर स्टोर है जहाँ हर चीज़ एक डालर की मिलती है। जो आवश्यक नहीं पर फ़िर भी आवश्यक है,वो चीज़ें मिल जाती हैं जैसे प्लास्टिक के डिब्बे,प्लास्टिक की बाल्टी, मग, सुतली, अखबार की गड्डी बाँधने के लिए, जन्मदिन के लिए रैपिंग पेपर, गुब्बारे, छोटे-छोटे खिलौने जिनको देख कर भारत में खिलौने बेचने वाले की याद आ जाती है जॊ गली के नुक्कड़ तक पहुँचा भी नही होता है, कि पता चला कि चिड़िया जो अभी डंडी पर सन्तुलन बनाए बैठी थी, वो अब ज़मीन पर घायल पड़ी है और आप खाली डंडी को हिला रहे हैं। हालमार्क कार्ड्स की दुकान, ड्राईक्लीनर्स , इंडियन, चाइनीज़, इटेलियन रेस्तरां भी हैं और एक आईसक्रीम की दुकान भी है। ये यहाँ घर से थोड़ी दूर हर कोने में मिल जाते हैं, जैसे दिल्ली में ग्रेटर कैलाश मार्किट, सरोजनी नगर मार्किट, साऊथ एक्स की मार्किट हैं। दिल्ली में जब ये मार्किट बनी थी तब छोटी थी, धीरे-धीरे रेसिडेन्शल एरिया में भी पहूँच गई, यहाँ टाऊनशिप के कानून बहुत कड़े हैं, इसीलिए मार्किट उसी क्षेत्र तक सीमित रहती है। यहाँ अब नई दुकाने बन गई हैं और दीवार जिसपर बच्चों की चित्रकारी थी अब म्यूनिसिपल बिल्डिंग में सहेज के रखी है।
कुछ दिन पहले हम कहीं जा रहे थे और रास्ते में ऐसा ही एक स्ट्रिप माल आया था जिसका नाम Nelsons Corner था। नाम अच्छा लगा था सो ऐसे ही एक कविता बन पड़ी थी, वो यहाँ लिख रही हूँ।
The bagel's shop on the left,
Walk few steps and starbucks is on the right,
Few chairs and table are outside,
People sitting outside are
Drinking coffee with the sun,
A woman ,
Sure and then unsure of the day ahead,
Sitting with a book rested in her hands,
One page drifts to another,
One dream drifts to another,
The morning is waking up now,
The coffee ,the day and the dream mingles,
One face change to another,
One cup of coffee to another,
Steps are passing by,
Another day,
Nelsons Corner is around the bend.
Saturday, September 15, 2007
खुले आसमान के नीचे ......
सितम्बर का महीना शुरू हो गया है पर अभी तक ठंड पड़ने का नाम ही नहीं ले रही है.रात को हल्की सी ठंड़ हो जाती है पर गर्मी अभी भी अलगनी पर टंकी हुई है। कल जब मैं घर की ओर लौट रही थी तो टप से दो-चार बूँद शीशे पर गिरी और फ़िर तेज़ बौछार ने सब कुछ तर कर दिया। पीछे मुड़ कर देखा तो कुछ दूरी पर सब कुछ सूखा था। ऐसा लगा जैसे बदली का टुकड़ा बादलों की टोली से भटक गया है, उसका पर रस्ता भूलना बहुत अच्छा लगा। उसके जाने के बाद मौसम सुहावना हो गया है।
Wednesday, September 5, 2007
डाक, डाक, डाक
बैठे-बैठे घड़ी की ओर देखा तो दुपहर के तीन बज रहे थे, डाक आने का समय हो गया था. सोचा जा कर एक बार देख लूँ, शायद आ गई होगी। ऐसा नहीं कि कोई चिट्ठी आई होगी किसी परिचित जन की, किसी निकटतम मित्र या संबंधी की। मेल में कागज़ों का जो पुलिंदा आता है उसमें अधिकांश पत्रिकाएँ, स्टोर्स के कैटालौग, विभिन्न स्टोर्स के सेल के फ़्लायर्स और क्रैडिट कार्ड के बिल्स होते हैं। आज लेबर डे है तो उसके उपलक्ष में अधिकांश स्टोर्स में सेल लगी हुई है। तीन-चार दिन पहले ही उसके फ़्लायर्स आ गए थे। पूरी पत्रिका ही होती है जो यहाँ की सफ़ल मार्किटिंग का द्योतक है। रंगों से भरी, हर चीज़ आकर्षित लगती है, लगता है सबकी ज़रूरत है और बाद में इस दाम पर फिर मिले या न मिले। जैसे डाक भी मायूस हो खुशी का इंतज़ार करती रहती है, कभी-कभी शादी या जन्मदिन के निमंत्रण पत्र भी मेल में आ जाते हैं। गनीमत है राखी अभी भी मेल से आ जाती है, दिल्ली में सबको डाँट डपट कर रखा हुआ है कि ई-राखी मत भेजना, जब तक कलाई पर धागा नहीं हो बाँधने को, तो राखी कैसी ?
समय व्यतीत करने के लिए यदि आपको कोई और साधन नहीं मिले तो आप मेल ले कर बैठ जाईये और समय यूँ ही निकल जाएगा। ये तो ठीक है कि समय निकल जाता है पर समस्या तब होती है जब कुछ पन्नों का अंबार लग जाता है। जैसे प्रत्यक्षा के घर में किताबें धीरे-धीरे अपने लिये जगह खोजती हैं वैसे ही हमारे यहाँ कागज़ के पुलिंदे हैं। यदि आपने छंटाई नही की तो कमरे के हर कोने में अपनी जगह बनाते नज़र आते हैं। बहुत बार तो ऐसा भी हुआ है कि कार्पेट कम और कागज़ ज़्यादा दिखाई देते हैं। इन सब के बावजूद यदि हमें कविता लिखने के लिए खाली पन्ना नहीं मिला तो जंक मेल में लिफ़ाफ़े का पीछे का सपाट सफ़ेद हिस्सा बहुत काम आता है। हमारा कुत्ता विंसटन भी कागज़ के चीथड़े कर के हमारी सफ़ाई में अपना योगदान देता है। किसी और देश में देखी है आपने कागज़ की ऐसी खपत ?
जब हम इस घर में आए तब हमारा परिचय हुआ हमारे डाकिए से जिसका नाम चार्ली है, पैंसठ वर्ष के करीब आयु होगी,बाल और दाढ़ी दोनो सफ़ेद हो चुकी हैं। जब से हम आए हैं तब से इसे ही देख रहे हैं। हमारे परिवार में सब को जानता हैं ।पोस्ट आफ़िस की ओर से जीप मिली हुई है। डाक डालने के लिये दरवाज़ा खटखटाने की आवश्यकता नहीं होती है क्योंकि हमारा मेल बाक्स सड़क के किनारे हमारे घर के आगे लगा हुआ है। यदि मेल हमारे सुंदर,सुदृढ़ मेल बाक्स में नही आती है या फिर बर्फ़ इतनी गिरी हो कि उसका हाथ वहाँ तक नहीं पहुँचे तो उसे दरवाज़ा खटखटाना पड़ता है" दरवाज़ा खुलते ही पूछ लेते हैं कि सब कैसे हैं, हमारे बेटे के साथ विडीयो गेम्स की भी अदला-बदली करते थे । इनका बेटा भी हमारे बेटे के बराबर ही है। क्रिसमस के समय इन्हे सब पड़ोसियों से गिफ़्ट मिलती है। कोई किसी दिन और डाकिया आए तो चार्ली चर्चा का विषय बन जाते हैं कि कहीं वो रिटायर तो नहीं हो गए या फिर तबीयत ठीक नहीं लगती है। चार्ली और मेल अब एक दुसरे के पूरक हैं।
ऐसे ही हमारा मेल बाक्स भी घर का अभिन्न हिस्सा है। इसके आस पास फूल लगाए जाते हैं, पेन्ट भी किया जाता है, सुन्दर बेलों को भी चढ़ाया जाता है। अच्छा ध्यान आया, हमारा मेल बाक्स एक तरफ़ से थोड़ा सा ढ़ह रहा है, लगता है मेल ज़्यादा आ रही है। जा कर मेल देख आनी चाहिए, मालूम है नानाजी से वो दस पैसे वाला पीला पोस्टकार्ड तो नही आएगा जिस पर कभी-कभी दो लाईन लिखी होती थी :
प्रिय दुहिती रजनी,
तेरी चिट्ठी मिली। हम सब यहाँ सकुशल हैं।ये जानकर प्रसन्नता हुई कि वहाँ सब सकुशल हैं। चिट्ठी जल्दी लिखना, तसल्ली रहती है। सदा सुखी रहो, पत्र के इंतज़ार में,
नाना जी
